MP Headlines

सोना,चांदी,पैसा, जमीन जायदाद सब चोरी हो सकते हैं, पर आपका ज्ञान कोई चुरा नहीं सकता : डा.केसी पटेल

सैलाना।  ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती। ना ही ज्ञान प्राप्ति की कोई उम्र। दुनिया में सब चीजें चोरी हो सकती हैं। सोना,चांदी,पैसा, जमीन जायदाद सब चोरी हो सकते हैं, पर आपका ज्ञान कोई चुरा नहीं सकता। इसलिए छात्राएं पूरा मन लगा कर पढ़ाई करे। ज्ञान प्राप्त करे। पढ़ाई में, खेल में, सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपना सौ प्रतिशत देवे। आपको आगे बड़ने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं पाएगी।

यह बात बड़ौदा के प्रसिद्ध समाजसेवी चिकित्सक डॉक्टर केसी पटेल ने सैलाना के पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में मंच से कहीं। डॉ. पटेल ने कहा कि किसी से जलने, किसी अन्य से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय छात्राएं खुद से ही प्रतिस्पर्धा करें। हर साल बीते हुए साल से अधिक अच्छा परिणाम लाने की कोशिश करे।

विशेष अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा ने अपने जोशीले भाषण में कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। अपने आप में ऐसा आत्म विश्वास बनाए कि हम किसी से कम नहीं हैं। फिर देखें दुनिया में आप बड़े से बड़ा पद पा सकते हैं। आईएएस, आईपीएस बन कर निकले। असफलता से डरे नहीं, बल्कि अगली बार और अच्छा करने की कोशिश करे। दरअसल असफलता ही सफलता की सीढ़ी होती हैं।

विशेष अतिथि सैलाना एसडीएम मनीष जैन ने कहा कि जिंदगी में ऐसा काम करो कि आपकी पहचान बने। जैन ने डॉक्टर पटेल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पैसा बहुत से लोगों के पास होता हैं। पर कम लोग ही उसका सदुपयोग करते है। डॉक्टर पटेल ने मालवांचल के पात्र लोगों के सेवा के रिकार्ड बनाए हैं जैन ने ये भी कहा कि आत्मविश्वास सफलता की सीढ़ी हैं। हर स्थिति में अपना आत्म विश्वास बनाए रखे। सफलता आपके कदम चूमेगी।

विशेष अतिथि आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त रंजना सिंह ने कहा कि लड़कियों को अपने भावी जीवन में दो परिवारों में तालमेल बिठाना पड़ता हैं। ससुराल और मायके में। अच्छी शिक्षा प्राप्त कर खुद के पैरों पर आप जब खड़ी रहोगी तो बहुत समझदारी से ये हो जायेगा। खुद आत्मनिर्भर रहोगी तो अधिक इज्जत भी मिलेगी परिवारों में भी और समाज में भी।

विशेष अतिथि वन परिक्षेत्र अधिकारी सीमासिंह ने छात्राओं से कहा की ये जीवन एक अभिनय हैं। इसमें अपना रोल बेहतर तरीके से अदा करे। अपने आपको इतना काबिल बनाएं कि आपके माता पिता को लोग आपके नाम से जाने।

मंचासीन सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य वीरेन्द्र मिंडा ने भी छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। 102 वर्षीय वयोवृद्ध समाज सेवी भूरामल तातेंड ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण और अतिथि परिचय देते हुए संस्था प्राचार्य सुनीता छजलानी ने डॉक्टर पटेल और उनके प्रतिनिधि सैलाना लायंस क्लब अध्यक्ष विजय डोशी के समाजसेवी कार्यों को तारीफे काबिल बताया।

समारोह में डॉक्टर पटेल की धर्मपत्नी रश्मि बेन पटेल भी मंचासीन थी। डॉक्टर दंपत्ति को संस्था की और से शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह से स्वागत,अभिनंदन किया गया। सभी अतिथियों का संस्था प्रधान सुनीता छजलानी और स्टॉफ ने पुष्प माला से स्वागत किया।कार्यक्रम का संचालन एनसीसी आफिसर माया मेहता ने किया और आभार खंड शिक्षा अधिकारी नारायण उपाध्याय ने माना। समारोह में विजय डोशी, जय छजलानी, अतुलरत्न शर्मा, शशि प्रभा छजलानी, रीता यादव, संगीता चौधरी, सुनिता यादव, संजुबाला कुमावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित थे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp