सैलाना। संघर्ष के पथ पर, निरंतर कठोर परिश्रम करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने वाले दिवेल जैसे छोटे से गांव के रहने वाले और हमारे विद्यालय के 2022- 23 बैच के छात्र विशाल राठौर का अग्निवीर ,भारतीय सेना में चयन विद्यालय के लिए गर्व के क्षण हैं और विशाल राठौर जैसे विद्यार्थी दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी रोल मॉडल हैं। क्योंकि विशाल ने देश सेवा को अपना कर्म क्षेत्र चुना।

ये विचार सीएम राइज शा. मॉडल स्कूल , सैलाना के प्राचार्य गिरीश सारस्वत द्वारा विद्यालय के पूर्व छात्र विशाल राठौर का भारतीय सेना में चयन होने पर विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में व्यक्त किए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा विशाल राठौर का सम्मान किया गया। विद्यालय के अकादमिक समन्वयक वैभव दुबे ने भी विशाल राठौर के चयन को विद्यालय को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि बताया और विशाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में भारतीय सेना में चयनित विशाल राठौर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मार्गदर्शन दिया और बताया कि कैसे उन्होंने 10 से 12 घंटे निरंतर इस परीक्षा की तैयारी की और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन किया। आगे उन्होंने भारतीय सेना के प्रशिक्षण से जुड़े कई रोचक और महत्वपूर्ण प्रेरणादायी प्रसंगों को भी साझा किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी विशाल राठौर से भारतीय सेना से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं को व्यक्त करते हुए कई प्रश्न पूछे, जिनके समाधान कारक उत्तर विशाल राठौर ने दिए। इस अवसर पर विद्यालय के अशोक सिंह गौर, एल एन प्रजापत, रवि जोनवेल, किरण देदरा, योगेश परमार, रेव सिंह वसुनिया, जुझार सिंह राठौर द्वारा भी विशाल का अभिनन्दन किया गया।

Author: MP Headlines



