कुरीतियों के प्रति जागरूकता पर दिया व्याख्यान
सैलाना। शासकीय महाविद्यालय सैलाना में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता पर आचार्य योगेश वैदिक के व्याख्यान का आयोजन किया गया। अपने व्याख्यान में श्री वैदिक ने कहा कि कुरीतियों को छोड़ना ही सच्ची आजादी है।
आचार्य योगेश वैदिक ने कहा कि कुरीतियां विवाह, शिक्षा, और रोजगार के अवसरों को प्रभावित करती हैं। लैंगिक असमानता जैसी कुरीति शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार में महिलाओं के अवसर को कम करती है। अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी कुरीतियों को केवल कानून बनाकर नहीं बल्कि समाज को मिलकर हटाना होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. आर. पी. पाटीदार ने नई पीढ़ी से आह्वान किया कि वह कुरीतियों को न मानकर विकास के पथ पर चले। डॉ. पाटीदार ने आचार्य जी की इस बात के लिए प्रशंसा की कि उन्होंने न केवल पुरातन बल्कि आधुनिक कुरीतियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शेखर राठौर, रवि आर्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक रावत ने किया और आभार भूपेंद्र मंडलोई ने माना।

Author: MP Headlines



