स्तनपान की सही तकनीक से शिशुओं के वजन और ऊंचाई में बढ़ोतरी हुई
वसा और कार्बोहाइड्रेट का उपयोग कम करें, प्रोटीन का उपयोग बढ़ाएं -डॉ रूपल दलाल
रतलाम 8 नवंबर/ रतलाम जिले के मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई में व्हील्स ग्लोबल फाऊंडेशन के तत्वावधान में माताओं और शिशुओं के पोषण के संबंध में 3 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ । प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भारत की वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ रूपल दलाल एम डी पीडियाट्रिशन ने बताया कि डब्लू एच ओ के मानक अनुसार जन्म के समय शिशु का सामान्य वजन 3 किलोग्राम होना चाहिए , 6 माह होने पर शिशु का वजन 8 किलोग्राम और 12 माह का होने पर लगभग 10 किलोग्राम होना चाहिए, स्तनपान की सही तकनीक और उच्च गुणवत्ता युक्त प्रोटीन आहार के माध्यम से शिशु का वजन और ऊंचाई के आदर्श मानक प्राप्त किया जा सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षकों से उनके द्वारा क्षेत्र में व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन के द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर परामर्श से माताओं और शिशुओं के वजन में बढ़ोतरी होना पाई गई। जिला प्रशिक्षक श्री लोकेश वैष्णव ने बताया कि 29 नवंबर 2024 को शिवांश माता सुमित्रा पिता संजय गांव- खारा खेड़ी रतलाम ग्रामीण जिला रतलाम को परामर्श देना प्रारंभ किया गया था । 3 दिन की आयु में शिशु का वजन 3 किलो 140 ग्राम था तथा ऊंचाई 51 सेंटीमीटर थी , परामर्श उपरांत 1 अप्रैल को साढ़े 5 माह की आयु में वजन 7 किलो 585 ग्राम हो गया और ऊंचाई 67.7 सेमी हो गई। अब 11 माह की अवस्था में शिशु का वजन 9 किलो 900 ग्राम हो गया है, साधारण श्रमिक परिवार में शिशु की माता ने मोबाइल के माध्यम से वीडियो देखें और परामर्श के आधार पर शिशु को पोषण प्रदान किया। इसी प्रकार से अनेक जिला प्रशिक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में शिशुओं के वजन और ऊंचाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी आधारित सफलता की कहानी सुनाई गई।
प्रशिक्षण में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ देव पाटिल कंसलटेंट ने कहा कि वर्तमान में जिले में पोषण प्रशिक्षक उपलब्ध है। पोषण प्रशिक्षक मिलकर अपने क्षेत्र की कम से कम एक पंचायत में पोषण परामर्श संबंधी गतिविधियां करें और प्रतिदिन फॉलो करके जिले की 100 पंचायतों में बच्चों के वजन और ऊंचाई में बढ़ोतरी लाने की रणनीति बनाकर कार्य करें, ताकि स्वस्थ,सक्षम और बुद्धिमान पीढ़ी का विकास किया जा सके। प्रोटीन आधारित डाइट से बच्चों की कार्य क्षमता में सुधार आता है,जिससे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता कदम चूमती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रतलाम जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा वीडियो दिखाने के बाद परीक्षा आयोजित कर जिला प्रशिक्षक तैयार किए गए थे , जिनके द्वारा अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर गर्भवती माताओं, प्रसूता माताओ को परामर्श प्रदान कर शिशुओं के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार लाया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि श्री राजेश सोलंकी ने रतलाम जिले में श्री चैतन्य काश्यप फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित किया जा रहे सुपोषण कार्यक्रम की भी चर्चा करते हुए बताया कि मंत्री श्री चैतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लेकर बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाई जा रही है । प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन के डॉ दीपाली फरगाड़े, सुश्री शीतल हीवाले, श्री तरुण कुमार शर्मा, श्री विनायक पांचाल, डीपीएम डॉक्टर प्रमोद प्रजापति , जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर वर्षा कुरील, आशीष चौरसिया, सरला वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
Author: MP Headlines

















