सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में विगत दिनों नगर के एक वैवाहिक कार्यक्रम में लाखों रुपए की चोरी के उपरांत धर्मशाला व्यवस्थापको द्वारा उक्त घटना को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को नगर की प्रतिष्ठित स्थानीय जैन धर्मशाला सैलाना के संपूर्ण परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे एवं अग्निशमन यंत्रों का शुभारंभ किया गया। कैमरो का शुभारंभ सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश अजमेरा एवं धर्मशाला समिति के अध्यक्ष अशोक चंडालिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कैमरों की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है तथा असामाजिक घटनाओं पर नियंत्रण करने में भी सहायता मिलती है। वहीं अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता किसी आकस्मिक आगजनी की स्थिति में तुरंत नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
समिति अध्यक्ष अशोक चंडालिया ने बताया कि धर्मशाला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने थाना प्रभारी एवं प्रशासन का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जैन धर्मशाला प्रबंधन समिती के अध्यक्ष अशोक चंडालिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र रांका, सचिव पियूष जैन, कोषाध्यक्ष अंकुश संघवी, पूर्व समिती से करुण संघवी, नवीन समिती के राजेश चंडालिया, नीलेश गोलेछा, संजय संघवी, प्रीतेश लोढ़ा, मुकेश संघवी, अभय मोगरा प्रियंक चंडालिया, अभिनव सियाल, प्रशांत मांडोत , अंकुर ग्वालियरी उपस्थित थेl
Author: MP Headlines

















