जल संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल: सैलाना में बोरी बंधान कर किया गया जल संचय

सैलाना। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, जिला रतलाम के विकासखण्ड सैलाना में वाग्धारा संस्था, नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के तत्वाधान में जल संचय अभियान के अंतर्गत बोरी बंधान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा जल को रोककर भू-जल स्तर को बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को कम करना रहा।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री रत्नेश जी विजयवर्गीय ने बोरी बंधान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पूरे मध्यप्रदेश में स्थानीय लोगों के सहयोग से जल संरक्षण क्षेत्रों में बोरी बंधान कर पानी रोकने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे भविष्य में भूमिगत जल स्तर में वृद्धि और जल उपलब्धता में सुधार संभव होगा।

वहीं विकासखण्ड समन्वयक श्री रतनलाल जी चरपोटा ने बताया कि जन अभियान परिषद एवं वाग्धारा संस्था द्वारा बढ़ते जल संकट को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में गांवों को पानी की समस्या से बचाया जा सके।

वाग्धारा संस्था की ब्लॉक सहजकर्ता पिंकी टेलर ने समुदाय को जल संरक्षण का महत्व बताया कि “पानी बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम आज जल को संरक्षित करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे सकेंगे। बोरी बंधान जैसे छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं।” उन्होंने समुदाय को अधिक से अधिक श्रमदान और जल संरक्षण कार्यों में भागीदारी करने हेतु बताया गया ।

नवांकुर संस्था भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन के हरीश सिलावट ने बोरी बंधान के महत्व पर जानकारी देते हुए बताया कि इससे बरसाती पानी बहकर व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि जमीन में समाकर भू-जल स्तर को बढ़ाता है। इस अवसर पर सभी ग्रामवासियों ने जल संरक्षण को लेकर उत्साहपूर्वक श्रमदान किया ।

वाग्धारा संस्था से अमृतराम, कांतिलाल, दिव्या, मनोज, राकेश, राजेन्द्र कुमावत, चावडाखेड़ी की सरपंच श्रीमती मनीषा, सचिव लक्ष्मण चारेल, सृष्टी सेवा संस्था के सतीश जी, ग्राम स्वराज व सक्षम समूह के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp