मुक्तिधाम के रास्ते लेकर 2 घंटे चक्का जाम होने के बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार किया, मुक्तिधाम का तत्काल सीमांकन होगा

सैलाना। सैलाना जनपद क्षेत्र के ग्राम बागरियों की खेडी शिवगढ़ रोड़ जमना पुल के समिप मुक्तधाम तक जाने के लिए रोड नहीं होने से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस चक्काजाम के पश्चात तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, चौकी प्रभारी एसआई आनंद बागवान, एसआई वीर सिंह देवडा पहुंचे और समाजजनों को समझाइश दी एवं आगे स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोग चक्काजाम स्थल से हटे व उसी मार्ग से गुजर कर मुक्ति धाम पर जाकर विधिवत अंतिम संस्कार किया।

उल्लेखनीय है कि सैलाना- शिवगढ़ मार्ग पर स्थित बागरियो की खेड़ी के रहवासियों के लिए मुक्तिधाम का कोई उचित इंतजाम नहीं है। उनके लिए जो मुक्तिधाम बना हुआ है, उस रास्ते पर खाई में से होकर जाना पड़ता है। बरसात में तो कई दफे घुटनो- घुटनो तक पानी में अर्थी लेकर समाजजन व परिजन मुक्तिधाम पहुंचकर अंतिम संस्कार करते हैं। यह समस्या वर्षों से चली आ रही है। कई बार प्रशासन को गुहार लगाई पर इसका निराकरण नहीं हुआ।

बागरियो की खेडी के रहवासी मंगलवार को शासन की नीति से आक्रोशित हो ही गए। बागरियों की खेड़ी निवासी बाबूलाल पिता तुलसीराम बागरी उम्र 45 वर्षीय की मंगलवार सुबह मृत्यु हो गई। उनकी अंतिम यात्रा निकलने से पूर्व समाजजनों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए शिवगढ़ मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। हालांकि अर्थी को वे मुक्तिधाम पर रख कर आए थे। पर प्रशासन से मुक्तिधाम के मार्ग में सुधार करवाने को लेकर मार्ग पर ही धरना दे डाला। कुछ ही देर में प्रशासन हरकत में आया और आक्रोशित समाजजनों से चर्चा के लिए अमला धरना स्थल पर पहुंचा।

ये अधिकारी पहुंचे मौका स्थल

खबर मिलते ही तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान, एसआई वीर सिंह देवडा, राजस्व विभाग व पुलिस विभाग का अमला ग्राम पंचायत सचिव चतर सिंह खराड़ी मौके पर पहुंचे एवं चक्काजाम कर रहे समाजजनों को समझाया। तहसीलदार शर्मा ने सभी को आश्वस्त किया कि कल ही जगह की नपती करवा कर मार्ग की समस्या का निराकरण करवा दिया जाएगा। तहसीलदार के आश्वासन के पश्चात लगभग डेढ़ घंटे बाद समाजजन और परिजन चक्काजाम व धरना समाप्त कर जैसे तैसे मुक्ति धाम पहुंचे और मृतक बाबूलाल का अंतिम संस्कार किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp