सैलाना विधायक ने खाद कालाबाजारी रोकने की मांग, कलेक्टर को लिखा पत्र

सैलाना। सैलाना क्षेत्र में यूरिया एवं डीएपी खाद की भारी कमी और कालाबाजारी को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रतलाम सुश्री मिशा सिंह को पत्र क्रमांक 524/VIP/2025 प्रस्तुत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

विधायक डोडियार ने पत्र में उल्लेख किया कि रबी सीजन में बुवाई शुरू होने के बावजूद किसानों को सहकारी समितियों से यह कहकर लौटा दिया जा रहा है कि गोदामों में खाद उपलब्ध नहीं है। जबकि बाजार में असामाजिक तत्वों द्वारा निर्धारित सरकारी दर से कई गुना अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही है। किसानों को यूरिया जिसका निर्धारित मूल्य ₹266.50 प्रति बैग है, उसे ₹400 से ₹600 प्रति बैग तक खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे किसान आर्थिक दबाव में आ रहे हैं तथा फसल की बुवाई और उत्पादन लागत प्रभावित हो रही है।

विधायक ने जिला प्रशासन से कठोर निगरानी रखते हुए कालाबाजारी में शामिल तत्वों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खाद के भंडारण, परिवहन और विक्रय पर विशेष नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने के साथ सभी अधिकृत विक्रेताओं के स्टॉक की जांच करने, गड़बड़ी मिलने पर लाइसेंस निरस्त कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा है।

साथ ही खाद वितरण प्रक्रिया में ई-पॉस मशीन, ऑनलाइन रिकॉर्ड और एसएमएस अलर्ट के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त खाद की अग्रिम आपूर्ति, शिकायतों के लिए हेल्पलाइन संचालन और किसानों को सरकारी दरों की जानकारी देने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी की गई है।

विधायक डोडियार ने कहा कि किसानों को निर्धारित सरकारी दरों पर समय पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस विषय पर की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp