स्वच्छता से जुडे कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम 15 दिसंबर/ म.प्र. राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया द्वारा स्वच्छता से जुडे कर्मचारियों के हितों की रक्षा हेतु जिला स्तरीय समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई । उक्त बैठक में जिला पंचायत, नगर पालिका निगम, नगरीय निकाय, जनजातीय कार्य विभाग, पुलिस विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, रेलवे विभाग की समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में आयोग अध्यक्ष श्री करोसिया का अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, आयुक्त नगर पालिक निगम श्री अनिल भाना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महंत द्वारा पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
बैठक में श्री करोसिया ने सफाई कर्मचारियों के वेतन भत्तों, अनुकम्पा नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति, पेंशन, ईपीएफ, सामुदायिक भवन, विनियमित/दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को शासन द्वारा जारी परिपत्रो के अनुसार लाभ देने के लिए विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया तथा आउट सोर्स से लगे कर्मचारियां की नियुक्ति पर शासन के निर्देशो की अवहेलना माना तथा संबधितो को 15 दिवस में आउटसोर्स कर्मचारियों के स्थान पर संविदा पर नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ की राशि काटने के बाद संबंधित कोष में जमा नही करने वाले दोषी कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में निकायो में लम्बित अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण 15 दिवस में नियमानुसार निराकरण के निर्देश के साथ ही निकायो के रिक्त पदो पर विनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के निर्देश दिए गए। ई अटेंडेंस प्रणाली के अन्तर्गत सफाई कर्मचारी की उपस्थिति हेतु प्रत्येक वार्ड में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए यदि किसी कारणवश उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है परन्तु कर्मचारी कार्य पर उपस्थित है तो उनका वेतन काटकर आर्थिक शोषण न किया जाए। नगरपालिक निगम सीमा क्षेत्र में निगम द्वारा बसाये गये सफाई कर्मचारियों /परिवार को कम दर पर मालिकाना हक देने की कार्यवाही की जाए। नगर परिषद पिपलौदा में हटाए गए 05 कर्मचारियों की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्यवाही किए जाने के भी निर्देश दिए गए है। नगर निगम सीमा क्षेत्र में वाल्मीकि भवन हेतु शासकीय भूमि का चयन कर बनवाये जाने हेतु निगमायुक्त को निर्देशित किया गया ।
बैठक में पीओ डूडा श्री अरूण कुमार पाठक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से डॉ वर्षा कुरिल, जिला पंचायत से प्रभारी श्री बलवंत नलवाया, रेलवे के श्री अवनीश शर्मा, श्री कुलदीप पाठक सहित नगर परिषद धामनोद, नामली, सैलाना व पिपलौदा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित जिले के सफाई कर्मचारी ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष / सदस्यगण प्रमुख रूप से उपस्थित थे ।
Author: MP Headlines

















