पुलिस की सतर्कता से लौटी मुस्कान, मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक अपने घर पहुंचा

मानवता की मिसाल बनी सैलाना पुलिस, लापता मानसिक रोगी को सुरक्षित पहुंचाया घर

सैलाना। बड़वन फंटा, थाना अफजलपुर (जिला मंदसौर) निवासी नारायण पिता बाबूलाल धाकड़ (30 वर्ष) चार जनवरी से लापता था। इस संबंध में उसके परिजनों ने आठ जनवरी को अफजलपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा लगातार तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

इसी दौरान सैलाना नगर की कीर्ति विहार कॉलोनी में सैलाना पुलिस की सतर्कता से युवक नजर आया। आरक्षक यशपाल ने उससे पूछताछ की, जिस पर उसने बड़ी मुश्किल से अपना नाम और पता बताया। इसके बाद पुलिस उसे सैलाना थाना लेकर आई, जहां उसे भोजन कराया गया और परिजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसके माता-पिता से संपर्क किया गया।

सहायक उप निरीक्षक एस.एस. शक्तावत ने बताया कि आवश्यक पूछताछ व जांच के बाद नारायण को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजन उसे अफजलपुर थाना ले जाकर अपने बयान दर्ज कराएंगे। अपने परिजनों को देखकर नारायण बेहद खुश नजर आया। वहीं परिजनों ने सैलाना पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp