सैलाना नगर व अंचल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, शीतलहर के बीच लहराया तिरंगा

मुख्य समारोह प्रभुदयाल गेहलोत ओपन स्टेडियम में हुआ आयोजित

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर एवं अंचल में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस शीतलहर के प्रकोप के बावजूद उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में गरिमापूर्वक मनाया गया। शासकीय एवं निजी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया, वहीं नगर का मुख्य समारोह प्रभुदयाल गेहलोत ओपन स्टेडियम में आयोजित हुआ।

देशभक्ति से सराबोर प्रभात फेरी ने मोहा मन
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रातःकाल नगर के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। बच्चों में गजब का उत्साह और अनुशासन देखने को मिला।राष्ट्रीय गीतों की धुनों पर गूंजते बैंड-बाजे और देशभक्ति के ओजस्वी नारों से नगर का वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो उठा।

प्रमुख मार्गों से गुजरती इस रैली का नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने अभिवादन कर स्वागत किया। प्रभात फेरी में कांग्रेस एवं भाजपा के गणमान्य नागरिक व पदाधिकारी भी साथ चले।रैली (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) प्रभुदयाल गेहलोत ओपन स्टेडियम पहुंचकर मुख्य समारोह में परिवर्तित हुई।

ध्वजारोहण, परेड और मुख्यमंत्री संदेश का वाचन

मुख्य समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी बाई चारेल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। एनसीसी कैडेट माया मेहता के साथ परेड निरीक्षण किया गया। अनुविभागीय अधिकारी तरुण जैन एवं श्रीमती चारेल द्वारा मार्च-पास्ट की सलामी ली गई। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन अनुविभागीय अधिकारी तरुण जैन द्वारा किया गया।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभाओं का सम्मान समारोह स्थल पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं धार्मिक गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।

उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। साथ विभिन्न विभागो के शासकीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह की निगरानी तहसीलदार कुलभूषण शर्मा एवं प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा द्वारा की गई। इस अवसर पर प्राचार्य गिरीश सारस्वत व नगर के समस्त शैक्षणिक संस्थाओं के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन मुनेंद्र दुबे ने किया,व आभार जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी  रिया गेरा माना।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp