सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने औद्योगिक भूमि आवंटन पर जताई आपत्ति, कलेक्टर से जांच की मांग

सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जिला रतलाम के सैलाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत इंद्रावल खुर्द के ग्राम मानपुरा में औद्योगिक प्रयोजन हेतु प्रस्तावित भूमि उपयोग पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कलेक्टर एवं जिलादंडाधिकारी को पत्र लिखा है। विधायक डोडियार ने इस संबंध में उचित जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम मानपुरा, पटवारी हल्का नंबर 17 के अंतर्गत सर्वे नंबर 17 की कुल 5.890 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक प्रयोजन हेतु ग्राम पंचायत को पट्टा प्राप्त हुआ है। हालांकि, ग्राम पंचायत इंद्रावल खुर्द का स्पष्ट मत है कि वर्तमान परिस्थितियों में इस भूमि का औद्योगिक उपयोग किया जाना उचित नहीं है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि ग्राम पंचायत भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उक्त भूमि को शासकीय कार्यों, ग्राम की आबादी विस्तार तथा अन्य जनहित उपयोगों के लिए सुरक्षित रखना चाहती है। ग्रामवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए इस भूमि का संरक्षण आवश्यक बताया गया है।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तुत आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया गया है।

इस पत्र के बाद क्षेत्र में औद्योगिक भूमि आवंटन को लेकर चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों की नजर अब जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp