सैलाना। सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में कार्यरत धान (DHAN) फाउंडेशन द्वारा नगर में महिलाओं के लिए एक भव्य वॉकथॉन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्थायी वित्तीय समावेशन (Sustainable Financial Inclusion) के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ ओशिन परिसर स्थित धान फाउंडेशन कार्यालय से हुआ। यहाँ से महिलाओं ने जन-जागरूकता रैली निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जूनावास स्थित मांगलिक भवन पहुँची। रैली के दौरान महिलाओं ने वित्तीय साक्षरता, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन से जुड़े नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।


विशेषज्ञों ने दी योजनाओं की जानकारी
मांगलिक भवन में आयोजित मुख्य सत्र में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। RSETI के डायरेक्टर दिलीप सेठिया ने स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

इंडियन बैंक से लीना श्रीमाली ने बैंकिंग सेवाओं, बचत एवं वित्तीय सुरक्षा के महत्व को समझाया। LIC से कुंदन कुमावत ने जीवन बीमा एवं भविष्य की वित्तीय योजना के बारे में जानकारी दी। पशुपालन विभाग के बी.एल. पाटीदार ने विभागीय योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले वित्तीय लाभों की जानकारी साझा की।

गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसे रतलाम रीजनल कॉर्डिनेटर भारतेंद्र सोनगरा ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन गणेश मारू (धार रीजनल समन्वयक) द्वारा किया गया। अंत में मोहिनी निशा (धार जिला समन्वयक) ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धान कलंजियम महासंघ के सभी सदस्य, जिला समन्वयक केशव शर्मा, आशुतोष पाटीदार, राहुल सेन सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Author: MP Headlines





















