विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर रहेगी नए साल जैसी दर्शन व्यवस्था

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर नए साल जैसी दर्शन व्यवस्था रहेगी। बुधवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

महापर्व पर सामान्य दर्शनार्थियों का प्रवेश श्री महाकाल महालोक से रहेगा। वहीं शीघ्र दर्शन टिकट वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्वानुसार दो द्वार निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालु की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए भी व्यापक इंतजाम होंगे।

यह रहेगी दर्शन व्यवस्था

  • सामान्य दर्शनार्थी : आम भक्त कर्कराज पार्किंग, भील समाज की धर्मशाला, गौंड बस्ती, चारधाम मंदिर पार्किंग, शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय द्वार, महाकाल महालोक होते हुए गणेश व कार्तिकेय मंडपम से दर्शन करेंगे।
  • शीघ्र दर्शन टिकट : 250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकट वाले दर्शनार्थियों को लिए भील समाज धर्मशाला से अलग कतार रहेगी। यह श्रद्धालु चारधाम मंदिर के सामने से होकर अशोक सेतु से मंदिर में प्रवेश करेंगे।
  • शीघ्र दर्शन टिकट : 250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकट वाले दर्शनार्थियों के लिए दूसरा द्वार बड़े गणेश मंदिर के सामने बनाया गया है। शहर की ओर से आने वाले भक्त हरसिद्धि की पाल से बड़े गणेश मंदिर की गली से प्रवेश करेंगे।
  • प्रोटोकाल दर्शन : महाशिवरात्रि पर भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले अतिविशिष्ट, विशिष्ट तथा विशेष पासधारी दर्शनार्थियों का प्रवेश बेगमबाग स्थित नीलकंठ द्वार से रहेगा।



सामान्य व शीघ्र दर्शन के लिए अलग-अलग पार्किंग
महाशिवरात्रि पर सामान्य व शीघ्र दर्शन टिकट वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। सामान्य श्रद्धालु मेघदूत व कर्कराज पार्किंग में अपने वाहन पाक कर सकेंगे। शीघ्र दर्शन टिकट वाले दर्शनार्थियों के वाहन कार्तिक मेला ग्राउंड, राणोजी की छत्री, शगुन गार्डन तथा महाकाल मंडपम् में तात्कालिक व्यवस्था अनुसार किए जा सकेंगे।

सुविधापूर्वक दर्शन के लिए यह भी जानें

  • मिलेंगे शीघ्र दर्शन टिकट : कर्कराज पार्किंग तथा हरसिद्धि की पाल पर शीघ्र दर्शन टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
  • शौचालय की सुविधा : कर्कराज पार्किंग, भीलसमाज धर्मशाला, चारधाम पार्किंग व हरसिद्धि की पाल पर शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
  • 200 मीटर पर पेयजल : दर्शन की कतार में खड़े दर्शनार्थियों के लिए हर 200 मीटर पर पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था तय की गई है।
  • बसों का संचालन होगा : श्रद्धालुओं को मंदिर तक लाने ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था रहेगी। दर्शनार्थी सुविधा पूर्वक आवागमन कर सकते हैं।
  • स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी : महाकाल मंदिर परिक्षेत्र में अनेक स्थानों पर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध रहेगी। जीवन रक्षक उपकरणों से युक्त एंबुलेंस भी तैनात रहेगी।
MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp