रतलाम ( सरवन थाना ) पुलिस की बड़ी सफलता तकनीक की मदद से खोजे गए गुमशुदा मोबाइल, लौटाई चेहरों की मुस्कान

रतलाम/ सरवन आधुनिक दौर में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन ही नहीं, बल्कि आमजन के दैनिक जीवन और आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए रतलाम जिले के थाना सरवन पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए 06 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली धारकों को लौटाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।

बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 1 लाख 13 हजार 998 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में की गई।

आमजन को मोबाइल गुम होने से होने वाले आर्थिक नुकसान को रोकने के लिए एसपी द्वारा भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा एवं एसडीओपी सुश्री निलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरवन निरीक्षक श्री अर्जुन सेमलिया एवं उनकी टीम ने सायबर सेल रतलाम की मदद से गुम मोबाइलों की तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और CEIR पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने रतलाम जिले सहित पड़ोसी राज्य राजस्थान के बांसवाड़ा क्षेत्र से ओप्पो, विवो और टेक्नो कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस द्वारा जिन मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल लौटाए गए, उनमें केशव पिता मुकेश निवासी सरवन, सीमा पिता लाल मईड़ा निवासी चंदेरा, राजू पिता रामा भाभर निवासी उंडेर, जीवन पति काणजी गणावा निवासी महुड़ी पाड़ा तथा आरिफ कुरैशी निवासी सैलाना शामिल हैं।

इस दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब सैलाना निवासी आरिफ कुरैशी को उनके दिवंगत पुत्र का मोबाइल लौटाया गया, जो दुर्घटना स्थल से नहीं मिल पाया था। मोबाइल पाकर वे भावुक हो उठे और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही एक दिव्यांग व्यक्ति को भी उसका मोबाइल थाना प्रभारी द्वारा सम्मानपूर्वक सुपुर्द किया गया।

इस सफलता में सरवन थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया सहित प्रधान आरक्षक विजय सिंह शेखावत, आरक्षक हिम्मत सिंह राठौर, गजपाल सिंह राठौर, विमल निनामा एवं सादिक मंसूरी की सराहनीय भूमिका रही।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp