सैलाना / नांदलेटा। भारत सरकार द्वारा शासकीय शालाओं में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के उद्देश्य से संचालित स्कूल सर्टिफिकेट योजना (ACER) के अंतर्गत रतलाम जिले के चयनित 8 विद्यालयों में से पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नांदलेटा का राज्य स्तरीय सर्वे संपन्न हुआ।
राज्य स्तर से नियुक्त सर्वेक्षक श्री दिशेंद्र रायकवार द्वारा विद्यालय का विस्तृत सर्वे किया गया। इस दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण-अधिगम की पाठ योजनाएं, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, तथा विगत वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की जानकारी संकलित कर भारत सरकार को प्रेषित की गई।
यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और समर्पित कार्य संस्कृति को दर्शाती है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण रहा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री विट्ठल लाल बुज ने इस उपलब्धि पर समस्त स्टाफ सदस्यों की मेहनत, लगन और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर शाला परिवार एवं क्षेत्रवासियों द्वारा प्रशंसा व्यक्त की गई।
Author: MP Headlines


















