पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सैलाना में विशेष स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ

एसडीओपी नीलम बघेल ने की अपील – हर पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से कराए स्वास्थ्य परीक्षण

सैलाना। पुलिस जवान और अधिकारी यदि शारीरिक रूप से स्वस्थ, चुस्त और मानसिक रूप से सुदृढ़ हों, तभी वे अपने कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन करते हुए जनसेवा को और अधिक प्रभावी बना सकते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस महकमे द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं सैलाना अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नीलम बघेल के मार्गदर्शन में मंगलवार से सैलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिसकर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर पूरे सप्ताह तक चलेगा, जिसमें सैलाना पुलिस अनुविभाग के सभी अधिकारी, जवान और कर्मचारी अपने स्वास्थ्य की जांच करा सकेंगे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीओपी नीलम बघेल ने बताया कि पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे समय निकालकर इस शिविर का लाभ अवश्य लें और अपना संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, और जब पुलिसकर्मी स्वस्थ रहेंगे तो वे अपने कर्तव्यों को अधिक मुस्तैदी और समर्पण के साथ निभा सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अपराधों की रोकथाम और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में ऐसे स्वास्थ्य शिविर सहायक सिद्ध होते हैं। विभाग के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के स्वास्थ्य का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है।

एसडीओपी नीलम बघेल ने स्वयं भी शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर अन्य पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया और सभी से आग्रह किया कि वे इस पहल को गंभीरता से लेते हुए अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp