सैलाना/ रतलाम। रतलाम जिले के सैलाना नगर के मेंन रोड से लगे कालिका माता रोड पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब निर्माणाधीन स्वागत द्वार की सेंटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय करीब 12 से 15 मजदूर बीम में सीमेंट-कंक्रीट भरने का काम कर रहे थे। अचानक सेटिंग गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीम आधे से अधिक भर चुका था तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह हवा में झूलता हुआ नीचे गिरने लगा। उस समय तीन-चार मजदूर ऊपर काम कर रहे थे। मजदूरों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि नीचे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।

घटनास्थल के पास पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित है। यदि यह हादसा विद्यालय की छुट्टी के समय होता, तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

तीन मजदूर घायल, रतलाम रेफर
हादसे में मांगीलाल पिता मोहन निनामा निवासी बद्धापुरा खुर्द,
प्रकाश पिता हीरालाल बंजारा निवासी जावरा,
गोवर्धन पिता बद्री निनामा निवासी बद्धापुरा घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम रेफर किया गया।
अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम तरुण जैन और तहसीलदार कुलभूषण शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही। बाद में अधिकारी घायलों का हाल जानने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे।

ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस
मुख्य नगर परिषद अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं तथा संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
विपक्ष का आरोप — गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता
नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन ने विस्तृत जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Author: MP Headlines

















