सैलाना। समीपस्थ ग्राम नारायणगढ़ में स्वर्गीय श्री राम सियाग (जाट) की स्मृति में आयोजित शोक कार्यक्रम संवेदना के साथ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बन गया। छोटे भाई धर्मेंद्र जाट एवं परिवारजनों ने दिवंगत आत्मा की पुण्य स्मृति में अंचल की पाँच गौशालाओं में ₹2100-₹2100 की सहयोग राशि भेंट कर गौसेवा का सराहनीय संकल्प लिया।
परिवार द्वारा सैलाना, बोदीना, अंगैठी बड़ौदा, घटवास एवं बरडा की गौशालाओं में कुल पाँच स्थानों पर यह सहयोग राशि समर्पित की गई। इसके साथ ही ग्राम नारायणगढ़ स्थित श्री राम जानकी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए ₹11,000 की राशि मंदिर समिति के प्रतिनिधि पटेल ईश्वरलाल लम्बरोड को भेंट की गई।
कार्यक्रम में समाजजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जाट परिवार की यह पहल न केवल श्रद्धांजलि का भावपूर्ण स्वरूप है, बल्कि समाज को सेवा, सुरक्षा और संस्कार का संदेश देने वाली प्रेरणादायक मिसाल भी है।
Author: MP Headlines

















