शिवगढ़ मार्ग पर इको कार व टोचन किए जा रहे ऑटो में टक्कर, दो घायल

सैलाना। खराब ऑटो को टोचन कर सैलाना लाया जा रहा था, तभी सामने से आ रही इको कार से टक्कर हो गई। हादसे में टोचन किए जा रहे ऑटो में बैठे एक महिला व पुरुष घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहन मालिकों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आक्या परवल निवासी नागेश्वर सेन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह अनिल शर्मा के साथ कार क्रमांक MP 13 ZT 1481 से सैलाना होते हुए शिवगढ़ जा रहे थे। कार अनिल शर्मा चला रहे थे। बागरियों की खेड़ी के आगे श्मशान घाट के पास सामने से एक ऑटो चालक दूसरे खराब ऑटो को टोचन कर तेज गति व लापरवाही से लाता दिखाई दिया। इसी दौरान टोचन टूट गया और ऑटो उनकी कार से टकरा गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।

वहीं ऑटो मालिक अनिल मईडा निवासी ग्राम आमलियापाड़ा बीड़ ने बताया कि वह अपने ऑटो से सैलाना आ रहे थे। रास्ते में सकरावदा के पास एक ऑटो चालक ने उनका वाहन रोककर बताया कि उसका ऑटो खराब हो गया है और सैलाना तक टोचन कर ले चलने का आग्रह किया। इस पर उन्होंने ऑटो को टोचन कर लिया। दोपहर करीब 12:30 बजे सैलाना-शिवगढ़ रोड स्थित श्मशान घाट, बागरियों की खेड़ी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही इको कार तेज गति व लापरवाही से लहराते हुए आई और टोचन किए जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी।

हादसे में ऑटो में सवार जीवन भाभर एवं मीरा भाभर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

एएसआई शंकर सिंह शक्तावत ने बताया कि दोनों वाहनों के मालिकों द्वारा प्रकरण दर्ज करवाया हे।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp