सैलाना/रतलाम। सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रतलाम ने गेहूं के खेतों में पहुंचकर मुआयना कर नुकसानी देखकर प्रशासन से कहा है कि जिले में व सैलाना विधानसभा छेत्र में हाल ही में हुई असमय और तेज वर्षा से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर प्रशासन से तत्काल राहत देने की मांग की है।
उन्होंने रतलाम जिला कलेक्टर मिशा सिंह, सैलाना एस डी एम तरुण जैन, तहसीलदार सैलाना कुलभूषण शर्मा व प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, से अनुरोध किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। वही गेहलोत ने डॉक्टर मोहन यादव से भी मांग की है कि तत्काल किसानों के हित में आदेश निकालकर सर्वे कराये।
गेहलोत ने बताया कि विगत दिनों जिले के सैलाना, रावटी, बाजना, सरवन सहित कई क्षेत्रों में हुई अति वर्षा ने खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। कई स्थानों पर फसलें पूरी तरह जमीन पर गिर गई हैं, वही तैयार गेहूं की फसलों में पानी से गेहूं का कलर भी बदल जाएगा जिससे उत्पादन की उम्मीद लगभग समाप्त हो गई है।
उन्होंने कहा कि इस असमय बारिश ने किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। खेती पर निर्भर परिवार आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। यदि समय रहते सर्वे कर राहत राशि नहीं दी गई तो किसानों की स्थिति और भी दयनीय हो सकती है।
गेहलोत ने प्रशासन से मांग की है कि, प्रभावित गांवों में तत्काल पटवारी व राजस्व अमले को भेजकर फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए, और शीघ्र मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने अंत में कहा, “किसान मजबूत होंगे तभी देश मजबूत होगा। सरकार को चाहिए कि इस कठिन घड़ी में किसानों के साथ खड़ी होकर उन्हें राहत और संबल प्रदान करे।”
Author: MP Headlines


















