रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई — बुजुर्गों व महिलाओं को बनाती थीं निशाना
सैलाना/सरवन।भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड और बाजारों में बुजुर्गों व महिलाओं को घेरकर आभूषण चोरी करने वाली राजस्थान के बांसवाड़ा की शातिर महिला चोर गैंग का पर्दाफाश कर रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सरवन क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग की चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई।
धक्का-मुक्की कर उड़ाया चांदी का कड़ा
कलवानी निवासी 65 वर्षीय खातु डोडीयार सैलाना से सरवन लौट रहे थे। बस स्टैंड पर तीन महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। सरवन उतरने के बाद बाजार की ओर जाते समय महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद बुजुर्ग को पता चला कि जेब में रखा चांदी का कड़ा गायब है।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई
असाड़ी चौराहा सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें तीन महिलाएं बुजुर्ग के साथ संदिग्ध हरकत करती दिखाई दीं। साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया। गांव में महिला को गिराकर बाजूबंद छीनने का प्रयास पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गैंग की एक सदस्य ने भाटखेड़ी गांव में एक महिला का पीछा कर उसे धक्का देकर गिराया और बाजूबंद (पाहला) निकालने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर 112 पर सूचना दी। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर उसे हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी
कैलाशीबाई (लीमथान, बांसवाड़ा)
मीठा (कटला, बांसवाड़ा)
लक्ष्मी (निचला घंटाला)
काली (कुणिया, घाटोल, बांसवाड़ा)अन्य जिलों में भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
ऐसा था वारदात का तरीका
चारों महिलाएं भीड़भाड़ वाले इलाकों—बस स्टैंड, सराफा बाजार, बस और ऑटो—में पहुंचकर बुजुर्गों या अकेली महिलाओं को निशाना बनाती थीं। धक्का-मुक्की, पैसे गिराने या गिरने का नाटक कर ध्यान भटकातीं और फिर पर्स, नगदी या आभूषण लेकर फरार हो जाती थीं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
सरवन पुलिस थाना निरीक्षक अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर गैंग का भंडाफोड़ किया। लगातार पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें। कोई भी संदिग्ध महिला या पुरुष दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें।
सतर्कता ही सुरक्षा है।
Author: MP Headlines


















