प्रत्येक रविवार को जैविक अनाज, सब्जी, फल, दूध, घी उपलब्ध
रतलाम 22 फरवरी/राज्य शासन द्वारा वर्ष 2026 कृषक वर्ष घोषित किया गया है। रतलाम जिले में जैविक हाट मेले का शुभारंभ जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, नगर पालिका निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा, एसडीएम शहर सुश्री आर्ची हरित, परियोजना संचालक श्री निर्भय सिंह नर्गेश, उप संचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे, किसान संघ से श्री बद्रीलाल चौधरी, श्री ललित पालीवाल, श्री धर्मेंद्र सिंह, श्री सुरेश पाटीदार, श्री विक्रम पाटीदार आदि की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने जैविक उत्पाद के विक्रय के माध्यम से शुद्ध भोजन सामग्री प्राप्त होने की बात कही। निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि जैविक खेती आज की आवश्यकता है , रतलाम शहर में जैविक उत्पादों के विक्रय के लिए किसानों को प्लेटफॉर्म मिलेगा साथ ही लोगों को शुद्ध खाद्य उत्पाद मिल सकेंगे।

श्री सुरेश पाटीदार ने कहा कि किसान वापस जैविक खेती की ओर अग्रसर हुए है , उन्होंने जैविक उत्पादों का विक्रय चुनौतीपूर्ण बताया और कहा कि यदि उपभोक्ता शुद्ध भोजन चाहते हैं तो इसके लिए सही कीमत भी देना चाहिए , पैकेजिंग फूड की बिक्री ने प्राकृतिक खेती के सामने चुनौती खड़ी की है।
बिलपाक के जैविक कृषक श्री विक्रम पाटीदार ने बताया कि देसी गाय के गोमूत्र में 5100 प्रकार के घटक है , गौ माता के गोबर में 16 प्राकृतिक तत्व है जो भूमि के लिए अत्यंत आवश्यक है, एक गाय का पालन करके गोमूत्र और गोबर के माध्यम से 5 से 20 बीघा खेत में जैविक खेती की जा सकती है। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री ललित पालीवाल ने जीवामृत के माध्यम से जहर मुक्त फसल उगाने की बात कही।

एसडीएम सुश्री आर्ची हरित ने कहा कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जैविक खेती को जैविक मिशन के रूप में लिया है तथा 419 पंचायत में जैविक खेती के प्रसार के लिए जिला ,ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर मास्टर ट्रेनर तैयार किये जा रहे हैं, यह मास्टर ट्रेनर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को जैविक खेती के लाभ और उसके तरीकों की जानकारी देंगे, जैविक खेती के लिए किसानों के साथ चर्चा कर आवश्यक सुझाव लिए जा रहे हैं, और उसी के आधार पर कार्य किया जा रहा है। रतलाम शहर मे इस हाट में प्रत्येक रविवार को सुबह 8:00 से दोपहर 2:00 बजे तक कृषि उपज मंडी सैलाना रोड पर जैविक उत्पाद जिसमें गेहूं, सब्जियां, दालें, दूध,दही, छाछ, घी, विभिन्न प्रकार के शहद, फल आदि उपलब्ध है,जिन्हें आमजन सहजता से क्रय कर सकते हैं।
इस जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंड के किसान अपने जैविक/प्राकृतिक उत्पाद हाट बाजार में लेकर आए। कार्यक्रम के दौरान जैविक खेती करने वाले किसान श्री दिलीप धाकड़ जैविक शहद उत्पादन के लिए , श्री अमित कुमावत नामली का वर्मी कंपोस्ट खाद के लिए, श्री टीकम नामली , श्री लखन सिंह आक्या खुर्द का जैविक संतरे के उत्पादन के लिए , श्री चंद्रभानू धामनोद , श्री नरसिंह डामर सैलाना, श्री कुलदीप पिपलोदा, श्री कमल सिंह हाल रावटी, श्री भूरालाल डामर बाजना, श्री विक्रम सिंह,श्री बनेसिंह, श्री गजेंद्र टांक आदि का स्वागत अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर के निर्देशन में उप संचालक सह परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश , मंडी सचिव श्रीमती लक्ष्मी भवर, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग , उद्यानिकी विभाग एवं मंडी टीम के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार उपसंचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे ने माना।
Author: MP Headlines


















