सैलाना/रतलाम। किसान हितों की रक्षा और ट्रेड डील के नाम पर किसानों के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में कांग्रेस ने निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को सैलाना विधानसभा के विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के निवास पर रतलाम जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 फरवरी 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाली किसान महाचौपाल को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि ट्रेड डील के नाम पर किसानों के अधिकारों से समझौता किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर किसानों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
यह किसान महाचौपाल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और अन्नदाता के सम्मान की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष को धार देना है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भराव ने भी बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकाधिक किसानों को लेकर भोपाल पहुंचें और महाचौपाल को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं।
मंगलवार को रतलाम जिले एवं सैलाना क्षेत्र से कांग्रेसजन जोश और उत्साह के साथ भोपाल के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं ने “किसान हित ही राष्ट्र हित है” के नारों के साथ महाचौपाल में दमदार उपस्थिति दर्ज कराने का संकल्प दोहराया। कांग्रेस नेतृत्व का स्पष्ट संदेश है कि किसान हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अन्नदाता के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
Author: MP Headlines

















