सैलाना। आगामी होली, धुलेंडी और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को सैलाना थाना परिसर में थाना क्षेत्र के चिन्हित गुंडा तत्वों और असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को तलब किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में समझाइश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, विवाद या आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों से डोजियर फार्म भरवाए गए तथा उनके पूर्व रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई।
थाना प्रभारी टीआई पिंकी आकाश ने कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि सभी चिन्हित गुंडा तत्व प्रत्येक माह थाने में उपस्थित होकर अपनी नियमित हाजिरी दर्ज कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने शांति व्यवस्था भंग करने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
टीआई ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, ताकि आमजन बिना भय के अपने-अपने पर्व मना सकें। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की।
देर शाम एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना स्टाफ द्वारा नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस अवसर पर एसआई वीरसिंह देवड़ा, एएसआई सीताराम तेनीवार, हितेंद्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक संदीप भदौरिया, अनिरुद्ध सिंह, नरेंद्र सिंह झाला, निरंजन त्रिपाठी, आरक्षक फकीर चंद्र सोलंकी, तूफान भूरिया, टीना सोलंकी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines


















