सैलाना। एसडीओपी नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में रविवार देर शाम स्थानीय वार्ड क्रमांक 2 में आगामी पर्व होली, धुलेंडी तथा पवित्र माह रमजान को लेकर एक महत्वपूर्ण शांति एवं सद्भावना बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य त्योहारों के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना था।
बैठक में वार्ड के मुस्लिम एवं हिंदू समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी नागरिक एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
एसडीओपी ने कहा कि होली और रमजान जैसे पर्व आपसी सौहार्द और एकता का संदेश देते हैं, इसलिए सभी नागरिक इन अवसरों को मिल-जुलकर, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। थाना प्रभारी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और यह संकल्प लिया कि सभी त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और सकारात्मक वातावरण के साथ हुआ।इस अवसर पर वार्ड पार्षद सलोनी मांडोत प्रमुख रूप से मौजूद थी।
Author: MP Headlines


















