धामनोद बायपास पर चलती सीएनजी लोडिंग ऑटो में भीषण आग, म्यूजिक सिस्टम समेत वाहन जलकर खाक

सैलाना/रतलाम। सोमवार को सैलाना रोड स्थित धामनोद बायपास पर आज दोपहर लगभग 1: बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती हुई सीएनजी लोडिंग तीन पहिया ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। आग लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह सीएनजी लोडिंग ऑटो Piaggio कंपनी का था, जिसे चालक कपिल चला रहे थे। वाहन में इंदौर की फर्म आदित्य ट्रेडिंग से सैलाना क्षेत्र के सीएम राइज, पीएमश्री स्कूलों एवं छात्रावासों में पहुंचाए जाने वाले म्यूजिक सिस्टम और अन्य सामग्री लदी हुई थी। यह सामान क्षेत्र के लगभग 5-6 शासकीय विद्यालयों में वितरित किया जाना था। आग लगने से हजारों रुपये मूल्य का म्यूजिक सिस्टम व अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

टेंपो के मालिक बृजेंद्र साहू, निवासी इंदौर ने बताया कि वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खामी नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा जलती हुई सिगरेट वाहन में फेंकने से आग लगी, जिससे यह बड़ा नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही धामनोद चौकी से आरक्षक रणजीत सिंह सोलंकी मौके पर पहुंचे और सैलाना व धामनोद की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए आग की लपटें उठते ही वाहन को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर स्वयं सुरक्षित दूरी बना ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर किया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp