रतलाम। रतलाम पुलिस द्वारा नाबालिग बालक-बालिकाओं की सुरक्षा एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र दस्तयाबी के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को इंस्टाग्राम के माध्यम से बहला-फुसलाकर ले जाई गई नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05.03.2026 को फरियादी द्वारा थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उक्त रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 121/2026 धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिले में नाबालिग बालक-बालिकाओं एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र पता-तलाश एवं सुरक्षित दस्तयाबी हेतु लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार प्रयास किए गए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था। पुलिस टीम की सक्रियता एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 07.03.2026 को उक्त प्रकरण में नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त हुई। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
रतलाम पुलिस की अपील–
रतलाम पुलिस सभी अभिभावकों एवं बच्चों से अपील करती है कि नाबालिग बच्चों को सोशल मीडिया का उपयोग परिजनों की निगरानी में ही करने दें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात व्यक्तियों से दोस्ती करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने या उनकी बातों में आने से बचें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत अपने परिजनों को सूचित करें एवं निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।
Author: MP Headlines


















