नारी कभी कमजोर नहीं होती, उसे केवल अपनी शक्ति और पहचान को समझने की आवश्यकता: कल्पना पुरोहित

सैलाना जनजाति कौशल केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

सैलाना। जनजाति कौशल केंद्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत सत्कार किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुनीता पाठक ने अपने संबोधन में महिलाओं के आत्मविश्वास, अधिकार, आत्मनिर्भरता और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ समाजसेविका एवं पूर्व निर्देशक जनशिक्षण संस्थान रतलाम की कल्पना पुरोहित ने कहा कि नारी कभी कमजोर नहीं होती, उसे केवल अपनी शक्ति और पहचान को समझने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं का अधिकार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी भी है।
वक्ता के रूप में नीता लोड़ा ने महिला सशक्तिकरण, आत्मसम्मान की रक्षा और अच्छी शिक्षा ग्रहण कर समाज में योगदान देने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। पिंकी टेलर, ब्लॉक समन्वयक वाग धार संस्था ने महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के निर्देशक रघुवीर सिंह सिसोदिया ने संस्था के कार्यों की जानकारी देते हुए महिलाओं को रोजगार से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी शंकर सिंह चंद्रावत ने संस्था के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी, सहायक कार्यक्रम अधिकारी शुभम सिखवाल ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सभी अनुदेशक-अनुदेशिकाएँ, प्रशिक्षणार्थी तथा नरेन्द्र सिंह देवड़ा, प्रिंस रजक और संदीप राजपुरोहित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp