सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार की पहल: सैलाना-बाजना के सैकड़ों स्कूल खुले में संचालित, सैकड़ों विद्यालय बिना बाउंड्रीवाल, विधायक ने कलेक्टर से की तत्काल कार्रवाई की मांग

रतलाम/ सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने आदिवासी अंचल के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कलेक्टर एवं जिलादण्डाधिकारी सुश्री मिशा सिंह को पत्र लिखकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

विधायक डोडियार ने अपने पत्र में कहा है कि जिले के सैलाना और बाजना क्षेत्र में संचालित आदिवासी विकास विभाग के कई विद्यालयों में चारदीवारी (बाउंड्रीवाल) का अभाव है, जिसके कारण विद्यालय परिसरों में आवारा कुत्तों सहित अन्य पशुओं का लगातार प्रवेश हो रहा है। इससे वहां पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने भी देशभर के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विद्यालय परिसरों में आवारा कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शिक्षा विभाग द्वारा कुछ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन आदिवासी विकास विभाग के विद्यालयों में अभी तक इस संबंध में स्पष्ट व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।

पत्र के अनुसार रतलाम जिले में शिक्षा विभाग और आदिवासी विकास विभाग के कुल लगभग 1694 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा 189 हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय संचालित हैं। इनमें से बड़ी संख्या में विद्यालय बिना चारदीवारी के संचालित हो रहे हैं। विशेष रूप से सैलाना क्षेत्र के 211 प्राथमिक-माध्यमिक और 7 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय तथा बाजना क्षेत्र के 312 प्राथमिक-माध्यमिक और 13 हाई व हायर सेकेंडरी विद्यालयों में चारदीवारी नहीं है।

विधायक डोडियार ने कलेक्टर से मांग की है कि जिन विद्यालयों में चारदीवारी नहीं है वहां शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा विद्यालय परिसरों में आवारा कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन तैयार कर कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध भी किया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp