सैलाना में वंदे मातरम् का स्वर, भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का दम
सैलाना। बुधवार को सैलाना नगर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सैलाना स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एबीवीपी के मालवा प्रांत मंत्री दर्शन कहार विशेष अतिथि, भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी मुख्य अतिथि तथा सैलाना एसडीएम तरुण जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र सिंह गरवाल, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य चेतन गुर्जर और परिसर मंत्री आर्यन पुरोहित मंचासीन रहे।
भाषण प्रतियोगिता में कुल 10 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें अपने विचार रखने के लिए चार-चार मिनट का समय दिया गया। प्रतियोगिता में सांदीपनी विद्यालय के मयंक कुशवाह ने प्रथम स्थान, एकलव्य विद्यालय के अंकित मईडा ने द्वितीय स्थान तथा सैलाना के उभरते कवि दिव्यांश पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रशांत दवे शामिल रहे। प्रतिभागियों ने अपने भाषणों में वंदे मातरम् के इतिहास, उसके महत्व और स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उस दौर का भी उल्लेख किया गया जब वंदे मातरम् के पूरे अंतरों का गायन नहीं किया जाता था।
विशिष्ट अतिथि एसडीएम तरुण जैन ने वंदे मातरम् को भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। वहीं मुख्य अतिथि क्रांति जोशी ने कहा कि वंदे मातरम् का गौरव घर-घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के कठिन समय में वंदे मातरम् ने देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया और यह आज भी राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का संचालन आर्यन सोनी ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय धीरज पाटीदार ने कराया। कार्यक्रम में एबीवीपी के जिला विस्तारक विशेष कलोशिया, सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में अन्य प्रतिभागियों में अश्विन पाटीदार, शिवम चौहान, युवराज सिंह राठौड़, सोनाली डोडियार, मोहनीश सांवरिया और आदित्य राठौर शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान सैलाना नगर के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरीश सिलावट सहित अनेक युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र सिंह गरवाल ने विद्यार्थियों को इस प्रकार के बौद्धिक आयोजनों का महत्व बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
Author: MP Headlines

















