सैलाना। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में चलाए जा रहे “नारी शक्ति देश का अभियान” के तहत गुरुवार को स्थानीय थाना परिसर में नगर परिषद की महिला सफाई मित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने महिला सफाई मित्रों को पुष्प भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महिला सफाई मित्रों की अहम भूमिका है। ये महिलाएं प्रतिदिन अलसुबह से लेकर देर रात तक मेहनत कर नगर की साफ-सफाई में जुटी रहती हैं। उनके इस समर्पण और मेहनत को सम्मान देना समाज का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से महिला सफाई मित्रों का आत्मविश्वास और कार्य के प्रति उत्साह बढ़ता है, जिससे वे और अधिक ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी महिला सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज सेवा के इस कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर एसआई शंकर सिंह शक्तावत, एएसआई सीताराम तेनिवार, हितेंद्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक संदीप भदौरिया, अनिरुद्ध सिंह, निरंजन त्रिपाठी, आरक्षक तूफान भूरिया, यशपाल धनगर, फकीरचंद्र सोलंकी, टीना सिसौदिया सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines

















