सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भल्ला का माल में शुक्रवार को विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत की गई। 15वें वित्त आयोग की राशि से करीब 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क एवं चबूतरा निर्माण कार्य का भूमि पूजन जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा ने विधि-विधान के साथ किया।
भूमि पूजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क एवं चबूतरा निर्माण से गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीणों को दैनिक जीवन में काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव सहित गांव के कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूर्ण होने से गांव के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गांव के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से फतेह सिंह भाभर, फतेह सिंह डोडियार, दिनेश राणा, बापू भाभर, शंकर भाभर, पिरचद भाभर, राकेश राणा, विरजी भाभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Author: MP Headlines


















