सैलाना कैक्टस गार्डन में मधुमक्खियों का हमला, 6 पर्यटक घायल

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना स्थित प्रसिद्ध कैक्टस गार्डन में शनिवार को घूमने आए पर्यटकों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में 6 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत सैलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, घायल हुए सभी लोग रतलाम में आयोजित एक सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद इंदौर, खरगोन और सनावद से आए ये पर्यटक सैलाना नगर के ऐतिहासिक पैलेस गार्डन स्थित प्रसिद्ध कैक्टस गार्डन घूमने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि पर्यटकों ने गार्डन में प्रवेश के लिए टिकट लिया और जैसे ही अंदर पहुंचे, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से गार्डन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

जावरा के साहित्यकार केएल जमरा ने बताया कि अचानक हुए हमले से लोग घबरा गए और खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भागे। इस हमले में शिशिर उपाध्याय, रेखा मंडलोई, दीपक पगारे, सागर तथा गोविंद गायरी (ड्राइवर) सहित अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp