कृषि मंडी में व्यापारी संघ ने शुरू की प्याऊ सेवा, किसानों-हम्मालों को मिलेगा शीतल जल

सैलाना। भीषण गर्मी को देखते हुए सैलाना कृषि उपज मंडी में आने वाले किसानों, हम्मालों, तुलावटी व्यापारियों तथा आमजन की सुविधा के लिए सकल कृषि मंडी व्यापारी संघ द्वारा जल मन्दिर प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया गया। मंडी परिसर में स्थित सगज बाबाजी मंदिर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया एवं मंडी सचिव गुमानसिंह भयडिया ने जल मन्दिर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया ने बताया कि लंबे समय से मंडी परिसर में शुद्ध और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते हैं, ऐसे में उन्हें पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े, इसी उद्देश्य से व्यापारी संघ द्वारा जल मन्दिर प्याऊ सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस सेवा का संचालन व्यापारी संघ के सभी सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है।

मंडी सचिव गुमानसिंह भयडिया ने व्यापारी संघ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे परमार्थ का कार्य बताया। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में मंडी में आने वाले किसानों और श्रमिकों को इस व्यवस्था से बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं आमजन को ठंडा पानी पिलाकर सेवा कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव पंकज सियार ने किया तथा आभार उपाध्यक्ष नवदीप मेहता ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर व्यापारी संघ के पदाधिकारी प्रदीप पितलिया, कोषाध्यक्ष आकाश चंडालिया, दीपक कसेरा, झमकलाल सियार, राजेश गैलडा, नंदलाल पाटीदार, गजेंद्र गोखरू, प्रियेश बाफना, कांत शर्मा सहित मंडी कर्मचारी जीवनलाल निनामा, अभय लालवानी, जितेंद्र डाबी, तुलावटी, हम्माल एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp