सैलाना/रतलाम। सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक गेहलोत ने कहा परिवार के सदस्य की निर्मम हत्या की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है इस मामले में अब तक स्थानीय पुलिस थाने द्वारा गंभीरता से जांच नहीं किए जाने से परिवारजन एवं समाज में गहरा आक्रोश और निराशा है इतने गंभीर मामले में भी पुलिस प्रशासन की ढिलाई कई सवाल खड़े करती है।
रतलाम जिले के रावटी ग्राम हरथल में हुए जघन्य हत्या प्रकरण को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में ग्रामीणजन व परिजन सैलाना पुलिस एसडीओपी कार्यालय पहुंचे और एसडीओपी नीलम बघेल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 2 मार्च 2026 को ग्राम रावटी के समीप रहने वाले कन्हैयालाल गरवाल और उनके छोटे भाई के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए घर पर पत्थर फेंके गए और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद परिजनों का कहना है कि सुनियोजित साजिश के तहत कन्हैयालाल गरवाल की हत्या कर दी गई और शव को पास के खाल (नाले) के पानी में फेंक दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान जब खाल में पानी में शव दिखाई दिया तो 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में परिजनों को निजी वाहन से शव को मेडिकल जांच के लिए रतलाम ले जाना पड़ा। साथ ही पुलिस को सूचना देने के बावजूद मौके का ठीक से निरीक्षण नहीं किया गया और न ही फोटो या वीडियोग्राफी कराई गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना को करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गहलोत ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही थाना प्रभारी सहित संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
ज्ञापन सौंपते समय ग्राम हरथल निवासी श्रीमती शकुंतला (पत्नी कन्हैयालाल गरवाल), अमरसिंह मचार, सुनील मुनिया, रावटी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र गरवल,हनी गेहलोत, प्रकाश भूरिया पप्पू गहलोत जोरसिंह गरवाल कन्हैयालाल की पुत्रियां सुनीता,कलावती, मंजू, कविता, राजेंद्र मकवाना, परिवार के सरदार गरवाल, सुगन गरवाल, गौतम, जॉगिंग, भारत, वरसिंह, महेश, परमेश एवं समस्त गरवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines


















