भव्य होगा चैत्र नवरात्रि मेला: राधा काग को सौंपी कमान, तैयारियां तेज

सैलाना। सैलाना नगर में आगामी चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक श्री कालिका माता मंदिर मेले को इस बार भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। नगर परिषद और मेला समिति ने मिलकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद राधा बद्रीलाल काग को मेला समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिससे आयोजन में नई ऊर्जा और बेहतर प्रबंधन की उम्मीद जताई जा रही है।

बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोज शर्मा, मेला समिति अध्यक्ष राधा काग सहित पार्षदगणों ने मा कालिका माता मंदिर पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर और सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। नगर परिषद द्वारा इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

इस अवसर पर मेला समिति अध्यक्ष राधा बद्रीलाल काग, पार्षद मीरा राजेश पाटीदार, पुष्पा ईश्वर लाल राठौड़, आशा किशोर कसेरा, मंगलेश कसेरा, कुलदीप कुमावत, मुकेश पाटीदार, विशाल धभाई, मेला प्रभारी धीरज रावत, भीमसेन लहरी, धन्नालाल परमार, शैलेन्द्र सिंह राठौर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp