“गुड़ी पड़वा पर सैलाना में उमड़ा आस्था और उल्लास का सागर, सामाजिक एकता की दिखी मिसाल”

सैलाना। सैलाना क्षेत्र व नगर में हिंदू नववर्ष के शुभारंभ का प्रतीक पावन पर्व गुड़ी पड़वा इस वर्ष भी सैलाना नगर में अपार श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे नगर में दिनभर भक्तिमय वातावरण छाया रहा, जहां लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देकर सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अनेको समाजजनों द्वारा पारंपरिक वार्षिक गोठ (सामूहिक भोज) के भव्य आयोजन किए गए, जो सामाजिक समरसता और एकता का सजीव उदाहरण बने। क्षत्रिय राठौर तेली समाज द्वारा गोधूलिया हनुमान मंदिर पर, कसेरा समाज द्वारा कोटड़ा मार्ग पर, जैन समाज द्वारा कार्तिक गार्डन (कालिका माता रोड) पर तथा प्रजापत समाज द्वारा खाकी बाबा हनुमान मंदिर पर विशाल आयोजन संपन्न हुए।
इन आयोजनों में  बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण कर आपसी भाईचारे, प्रेम और सहयोग की भावना को मजबूत किया। दिनभर चले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा, वहीं शाम ढलते ही उत्सव की रंगत और भी गहरी हो गई। देर रात तक हंसी-खुशी, पारंपरिक उल्लास और आत्मीयता का माहौल बना रहा।

गुड़ी पड़वा के इस पावन अवसर पर सैलाना नगर न केवल धार्मिक आस्था में डूबा नजर आया, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और परंपराओं के संरक्षण की अद्भुत मिसाल भी प्रस्तुत करता दिखा। यह पर्व नगरवासियों के लिए सिर्फ नववर्ष का आरंभ नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp