सैलाना। नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां एक ओर श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति में लीन रहते हैं, वहीं सैलाना में एक अनोखी परंपरा भी पिछले 12 वर्षों से निरंतर जारी है। समाजसेवी विमल कटारिया द्वारा बस स्टैंड मेन रोड पर स्टॉल लगाकर लोगों को नीम का कड़वा शरबत पिला रहे है, जो सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का अनूठा उदाहरण बन चुका है।
कटारिया हर वर्ष नवरात्रि के नौ दिनों तक अपने प्रतिष्ठान के सामने यह स्टॉल लगाते हैं। यहां आने-जाने वाले यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को वे स्वयं नीम का शरबत पिलाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हैं। उनका मानना है कि नीम प्राकृतिक औषधि है, जो शरीर को शुद्ध करने के साथ-साथ अनेक रोगों से बचाव में सहायक होती है।
उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत उन्होंने समाज को स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से की थी, जो आज एक नियमित परंपरा का रूप ले चुकी है। लोगों में भी इस पहल के प्रति उत्साह देखने को मिलता है और बड़ी संख्या में लोग इस कड़वे शरबत का सेवन कर इसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हैं।
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर कटारिया का यह सेवा कार्य न केवल लोगों को शारीरिक रूप से लाभ पहुंचा रहा है, बल्कि सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना को भी सुदृढ़ कर रहा है।
Author: MP Headlines


















