सैलाना। सैलाना नगर में विश्व जल दिवस के अवसर पर सैलाना नगर में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में “मामा बालेश्वर दयाल जल मंदिर” का शुभारंभ किया गया।
नगर की चाणक्य और चंद्रशेखर आजाद शाखा के स्वयंसेवकों ने भीषण गर्मी और लू को ध्यान में रखते हुए यह सराहनीय पहल की है, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब ठंडा एवं आरओ युक्त शुद्ध पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा।

स्वयंसेवकों ने बताया कि विश्व जल दिवस के अवसर पर इस सेवा प्रकल्प की शुरुआत करते हुए समाज सेवा का नया संकल्प लिया गया है, जिसे भविष्य में अन्य सेवा कार्यों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरण भी किया गया, जिससे वातावरण में सेवा और सहयोग की भावना और भी प्रबल हो उठी।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. शैलेश डांगे, बीईई कैलाश यादव, बीपीएम सहित अन्य कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रकल्प गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी और जनहितकारी सिद्ध होगा। यह पहल न केवल प्यास बुझाने का माध्यम है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश भी देती है।
Author: MP Headlines


















