जैन समाज 31 मार्च को अहिंसा दिवस के रूप में मनाने की तैयारी
सैलाना। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में सैलाना नगर में जैन समाज द्वारा मांस विक्रय पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। समाजजनों ने इस संबंध में सैलाना अनुविभागीय अधिकारी तरूण जैन को ज्ञापन सौंपकर 31 मार्च को अहिंसा और करुणा के संदेश को ध्यान में रखते हुए नगर में मांस विक्रय पूर्णतः बंद रखने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महावीर जयंती जैन धर्म का प्रमुख पर्व है, जो अहिंसा, सत्य और दया के सिद्धांतों का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर जीव हिंसा से जुड़े कार्यों पर रोक लगाना समाज की धार्मिक भावनाओं के अनुरूप होगा।

इस अवसर पर जैन समाज के सुरेंद्र मेहता, राजेश सिपार, विजय डोशी, मनीष खवलिया, ललित चंडालिया, संदीप जैन, सौरभ रांका, योगेश संचेती, गिरीश चंडालिया, ध्रुवेंद्र जायसवाल एवं पंकज राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस मांग पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर आवश्यक कदम उठाएं, जिससे नगर में सौहार्द और धार्मिक आस्था का सम्मान बना रहे।

Author: MP Headlines


















