सरकारी काम में बाधा और कर्मचारियों से मारपीट का मामला: कार्रवाई नहीं हुई तो सहकारी कर्मचारी करेंगे उग्र आंदोलन”

सैलाना। म.प्र. सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ, जिला इकाई रतलाम ने एक गंभीर मामले को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। महासंघ द्वारा कलेक्टर के नाम सैलाना अनुविभागीय अधिकारी तहसील कार्यालय पहुंच कर एसडीएम तरुण कुमार जैन को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सैलाना में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी निर्मल कुमार रावरिया के साथ विशाल पिता झब्बालाल राठौड (निवासी शीतला माता गली, सैलाना) द्वारा अभद्र व्यवहार, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। बताया गया कि आरोपी ने किसानों के ऋण वितरण कार्य में व्यवधान डालते हुए कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
घटना के बाद संबंधित कर्मचारी द्वारा पुलिस थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन महासंघ का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले के सभी सहकारी कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थिति में शासकीय योजनाओं और संस्थाओं का कार्य प्रभावित होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित उच्च अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है, ताकि मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर राजेन्द्र  राठौर, सरदार सिंह, कपिल तिवारी, दिनेश कसेरा, विजय ग्वाले, भेरूलाल , मगनलाल पाटीदार, कल्याण सिंह, पंकज बैरागी, तेजराम, महेश परमार, हुकमीचंद्र चारेल सहित अन्य मौजूद थे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp