रतलाम / सैलाना। जिला कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार सैलाना एसडीएम तरुण जैन ने एलपीजी गैस वितरकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को निर्धारित दर और तय समय सीमा में हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम तरुण जैन ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी हॉकरों के माध्यम से पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि रिफिल बुकिंग के अनुसार “पहले आओ, पहले पाओ (FIFO)” के आधार पर ही सिलेंडर वितरण किया जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी एजेंसियां प्रतिदिन अपने उपलब्ध स्टॉक, लंबित बुकिंग (बैकलॉग) और नई बुकिंग की जानकारी नियमित रूप से प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इससे पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सकेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही तुरंत सामने आ सकेगी।

साथ ही हॉकरों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उसी क्रम में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं, जिस क्रम में बुकिंग की गई है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Author: MP Headlines



















