सैलाना। सैलाना नगर के सांदीपनि विद्यालय सैलाना में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर संस्था के वरिष्ठ एवं सम्मानित व्याख्याता मानसिंह डामोर को 42 वर्षों की सफल शासकीय सेवा पूर्ण करने पर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्था प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा डामोर का पुष्पमाला पहनाकर एवं सम्मान स्वरूप अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर मिंड ने कहा कि मानसिंह डामोर संस्था के मजबूत आधार स्तंभ रहे हैं। उन्होंने न केवल एक कुशल मार्गदर्शक के रूप में अपनी भूमिका निभाई, बल्कि प्रार्थना एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के सफल संचालन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।उनके विनम्र, सरल और सहज व्यक्तित्व के साथ-साथ उनकी ऊर्जा और समर्पण ने सभी को प्रेरित किया।
राजेश सोनी ने श्रीडामोर के सेवाकाल को अनुकरणीय बताते हुए उनके सेवाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनके योगदान को कभी नहीं भूलने वाला बताया। सुमन सिंह राठौर ने डामोर सर के प्रति अपनी भावनाएं गजल एवं गीत के द्वारा प्रस्तुत करी ।
मानसिंह डामोर के दोनों बेटे एवं बहूओ ने अपने पापा के समर्पण को याद किया। संस्था के भूपेश श्रीवास ,कंकू ओहरी,रुद्रेश देराश्री , निशरीन हुसैन, शरद शिकारी, अभिधा सोलंकी ,ज्योति चंडालिया इत्यादि ने भी अपने भावना श्री डामोर के प्रति व्यक्त की। इसी दिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री ईश्वर निनामा भी सेवानिवृत हुए। कार्यक्रम के पश्चात स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया एवं एक भव्य चल समारोह नगर में निकाला गया, जिसका पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत, पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने स्वागत किया ।कार्यक्रम का संचालन जयश्रीशर्मा एवं आभार वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती शैलजा दवे ने किया।
Author: MP Headlines
















