जमीन नहीं देंगे” के नारे गूंजे: पलसोड़ी में निर्माणाधीन मेगा इंडस्ट्रियल पार्क निवेश क्षेत्र के खिलाफ प्रभावितों के साथ विधायक डोडियार

मेगा इंडस्ट्रियल पार्क के विरोध में धरना तेज, विधायक डोडियार ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को पत्र लिखकर की धरना स्थल पर सुरक्षा और कैमरा लगाने की मांग

रतलाम। रतलाम जिले के पलसोड़ी, बिबड़ोद, जुलवानिया, जामथून और रामपुरिया ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित मेगा इंडस्ट्रियल पार्क (निवेश क्षेत्र) को लेकर विरोध तेज हो गया है। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और कलेक्टर मिशा सिंह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

विधायक डोडियार ने अपने पत्र में बताया कि प्रभावित ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ ग्राम पलसोड़ी में ग्रीड के पास शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन जारी है। उन्होंने कहा कि यह परिवार पीढ़ियों से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं और उनकी आजीविका पूरी तरह इसी पर निर्भर है, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें अतिक्रमणकारी बताया जा रहा है।

विधायक ने बिना उचित सुनवाई और पुनर्वास के किसी भी प्रकार की बेदखली को असंवैधानिक और अमानवीय बताया है। उन्होंने प्रशासन से मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

साथ ही पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में धरना स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है।

वहीं कलेक्टर को भेजे गए पत्र में भी इसी विषय पर ध्यान आकर्षित करते हुए आदिवासी हित, पर्यावरणीय प्रभाव और सामाजिक न्याय को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की गई है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp