सैलाना (रतलाम)। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तरुण जैन के मार्गदर्शन में तहसील कार्यालय सैलाना में “सुलभ सुशासन दिवस” के रूप में किया जा रहा नवाचार लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। जनवरी 2026 से प्रारंभ इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार को क्षेत्र के सभी पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं तहसीलदार अनिवार्य रूप से तहसील कार्यालय में उपस्थित रहकर आम नागरिकों की राजस्व संबंधी शिकायतों का एक ही स्थान पर निराकरण कर रहे हैं।
इस व्यवस्था का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है, जिससे राजस्व विभाग की छवि आम जनता के बीच बेहतर बनी है। बुधवार को आयोजित सुलभ सुशासन दिवस के दौरान कुल 73 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें प्रमुख रूप से जाति प्रमाण पत्र, फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में आ रही तकनीकी समस्याएं तथा नामांतरण से जुड़े मामले शामिल रहे। यह पहल आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।
Author: MP Headlines


















