सैलाना। सैलाना नगर के स्वर्गीय प्रभु दयाल गेहलोत स्टेडियम (हायर सेकेंडरी स्कूल) मैदान की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। जो मैदान कभी गाजर घास, पत्थरों और ऊबड़-खाबड़ जमीन से भरा हुआ था, आज वही मैदान युवाओं की मेहनत से हरा-भरा, समतल और खेलने योग्य बन गया है।
इस बदलाव के पीछे मॉर्निंग क्रिकेट क्लब के युवाओं का जज्बा और समर्पण है, जिन्होंने लगातार 10 दिन तक कड़ी मेहनत कर इस मैदान को नया जीवन दिया। कभी जहां खिलाड़ियों को खेलने में परेशानी होती थी और सुबह-शाम टहलने आने वाले बुजुर्गों को असुविधा झेलनी पड़ती थी, वहीं अब साफ-सुथरा मैदान सभी के लिए राहत और खुशी का कारण बन गया है।
क्लब द्वारा चलाए गए इस सफाई अभियान में पूरे मैदान से गाजर घास को हटाया गया, बड़े-बड़े पत्थरों को निकाला गया और रोलर चलाकर मैदान को समतल किया गया। इतना ही नहीं, क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए विशेष मिट्टी मंगवाकर नया विकेट भी तैयार किया गया, जिससे अब यहां बेहतर खेल गतिविधियां संभव हो सकेंगी।
इस सराहनीय कार्य में विकेट स्पेशलिस्ट कुलदीप सिराना (बबल धभाई) के मार्गदर्शन में दीपक मईडा, रतन खत्री, समीर खान, केशर सिंह गोयल, जितेंद्र पडियार, शांतिलाल कसेरा, मोनू धभाई, ललित चंदेल, विनय ग्वाले, बाबू खान, विजय ग्वाले, कपिल, पवन, मीकू सहित क्लब के सभी सदस्यों ने दिन-रात एक कर दिया।
अब यह मैदान न सिर्फ क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए तैयार है, बल्कि यहां सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों के लिए भी एक सुरक्षित और साफ स्थान बन गया है। आने वाले दिनों में यहां क्रिकेट टूर्नामेंट और अन्य खेल गतिविधियों की शुरुआत होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।
इस पहल ने यह साबित कर दिया है कि अगर युवाओं में जुनून और एकता हो, तो वे किसी भी उपेक्षित स्थान को नई पहचान दे सकते हैं।
Author: MP Headlines

















