सैलाना। हमारा व्यक्तित्व हमारे संस्कारों की झलक होता है। विनम्रता, आत्मविश्वास, दूसरों के प्रति सम्मान का भाव और निरंतर नई बातों को सीखते रहना हमारे व्यक्तित्व को प्रभावी बनाता है। व्यक्तित्व विकास की इस कार्यशाला से विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व के सकारात्मक पक्ष को जान सकेंगे वहीं अपनी कमियों को भी दूर कर सकेंगे।
ये विचार संस्था प्राचार्य गिरीश सारस्वत द्वारा सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल सैलाना में विद्यालय ओजस यूथ क्लब द्वारा आयोजित व्यक्तित्व विकास कार्यशाला में व्यक्त किए गए।
इस कार्यशाला की रूपरेखा ओजस क्लब प्रभारी योगेश परमार द्वारा रखी गयी। उन्होंने बताया कि व्यक्तित्व विकास की यह कार्यशाला विद्यार्थियों को उनके जीवन और भावी कार्यक्षेत्र में अपने व्यक्तित्व में संतुलन स्थापित करने में सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला तीन सत्रों में आयोजित की गयी। पहला सत्र बोलने की कला पर था जिसे सुरभि व्यास द्वारा लिया गया। द्वितीय सत्र ऋषिकांत देवड़ा द्वारा आत्मविश्वास बढ़ाने की तकनीक पर लिया गया। वहीं बॉडी लैंग्वेज और स्टेज प्रेजेंस पर श्वेता नागर द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।
Author: MP Headlines

















