सैलाना। रतलाम जिले के नगर परिषद सैलाना में आज नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सीधा प्रसारण उत्साहपूर्वक सुना और देखा गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने गंभीरता से सुना।प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की भागीदारी को पंचायत से लेकर संसद तक सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान देना ही सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला है। नारी शक्ति वंदन विधेयक को उन्होंने देश के लोकतंत्र को और अधिक समावेशी एवं मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद परिसर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे। विशेष रूप से नव नियुक्त एल्डर मेम्बरों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पूरे प्रसारण को ध्यानपूर्वक देखा एवं समझा। उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री के विचारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान, उनकी सक्रिय सहभागिता और नेतृत्व ही विकसित भारत की सच्ची पहचान बनेगा। इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है। अंत में सभी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में एल्डरमैन पार्षद रवि शर्मा, नाथूलाल राठौर, सपना खराड़ी, वर्दीचंद पाटीदार पार्षद प्रतिनिधि किशोर कसेरा मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा परिषद कर्मचारी धन्नालाल परमार, शिखा शर्मा, नवीन ग्वाले, धीरज रावत, मनोज कसेरा, सहित परिषद के कर्मचारी गण एवं सफाई मित्र महिलाएं उपस्थित थी।
Author: MP Headlines


















