सैलाना में स्वच्छता स्वाभिमान अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

सैलाना। नगर परिषद सैलाना द्वारा सोमवार को स्वच्छता स्वाभिमान अभियान के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ नगर के घंटाघर क्षेत्र से किया गया जो बस स्टैंड चौराहे पहुंची और वहां से होते हुए नगर परिषद कार्यालय में समापन हुआ।

रैली के दौरान स्वच्छता से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया तथा नागरिकों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और अभियान के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

नगर परिषद कार्यालय में आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोज शर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी दैनिक आदत का हिस्सा होना चाहिए।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, सीएमओ मनोज शर्मा, एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़, रवि शर्मा, सपना खराड़ी, वर्दी चंद पाटीदार, पार्षद प्रतिनिधि किशोर कसेरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नोडल अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं सफाई मित्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया तथा आमजन से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp